नई द‍िल्‍ली, 10 जुलाई । कुवैत की यात्रा पूरी करने के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ओमान पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने समाज और दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत करने में भारतीय समुदाय के अहम योगदान की सराहना की।

कुवैत की यात्रा पूरी करने के बाद ओमान पहुंचे व‍िदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर ल‍िखा, ''शुक्रवार सुबह ओमान में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से बहुत अच्छी मुलाकात हुई। भारत-ओमान के रिश्तों को और मजबूत बनाने को लेकर उनका उत्साह साफ दिखाई दिया। समाज के लिए और भारत-ओमान साझेदारी को मजबूत करने में उनके अहम योगदान की मैंने सराहना की।''

इससे पहले जयशंकर ने कुवैत यात्रा के दौरान बुधवार को प्रधानमंत्री शेख अहमद अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह से मुलाकात की। उन्होंने भारत के लोगों, खासकर वहां रहने वाले भारतीय समुदाय की भलाई और उनकी देखभाल के लिए कुवैत सरकार के सहयोग की सराहना की। साथ ही, भारत-कुवैत के बीच रिश्तों को मजबूत और दोनों देशों के लिए फायदेमंद बनाने के उनके विजन का स्वागत किया।

कुवैत में भी व‍िदेश मंत्री ने यहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने 'एक्‍स' पर लिखा, "विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कुवैत में भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत की। उन्होंने भारत के तेजी से हो रहे बदलाव और दुनिया में बढ़ती उसकी भूमिका के बारे में बात की। साथ ही, भारत-कुवैत की दोस्ती को मजबूत बनाने में भारतीय समुदाय के अहम योगदान की सराहना की।"

जयशंकर ने भी कहा, "कुवैत में भारतीय समुदाय के लोगों से मिलकर अच्छा लगा। भारत और कुवैत की दोस्ती को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका बहुत अहम है। उनके अनुभव और सुझाव हमारे लिए बेहद मूल्यवान हैं। मैं उनके सभी योगदान के लिए उनका धन्यवाद करता हूं।"

इस दौरे के बाद जयशंकर 13 जुलाई को न्यूयॉर्क जाएंगे, जहां वह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) की 2028-29 अवधि के लिए भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत करेंगे।

इसके बाद वह 14-15 जुलाई को ब्रसेल्स में होने वाली भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) ट्रेड एंड टेक्नोलॉजी काउंसिल मीटिंग की तीसरी बैठक में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह यूरोपीय संघ और बेल्जियम के अपने समकक्षों से भी मुलाकात करेंगे।