मॉस्को। रूसी सेना ने यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र में स्थित सोस्नोवी बोर बस्ती पर कब्जा कर लिया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

रूसी सोशल नेटवर्क 'मैक्‍स' पर जारी एक बयान में मंत्रालय ने कहा कि उसकी 'नॉर्थ ग्रुप' सेना की इकाइयों ने सक्रिय सैन्य अभियान के दौरान इस बस्ती पर कब्जा किया। रूस ने दावा किया कि उसकी ऑपरेशनल-टैक्टिकल वायुसेना, ड्रोन, मिसाइल बलों और तोपखाने ने यूक्रेन के 'नेपच्यून' कोस्टल मिसाइल सिस्टम के एक लॉन्चर को नष्ट कर दिया।

रूसी सेना ने यूक्रेनी सेना की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे ऊर्जा और परिवहन ढांचे, ड्रोन बनाने और रखने वाली सुविधाओं, ड्रोन लॉन्च साइटों तथा यूक्रेनी सैन्य बलों और विदेशी लड़ाकों के अस्थायी ठिकानों को भी निशाना बनाया। रूस का कहना है कि ऐसे 144 स्थानों पर हमले किए गए। रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने पिछले 24 घंटों में चार निर्देशित हवाई बमों और 792 फिक्स्ड-विंग ड्रोन को मार गिराया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एक अन्य बयान में मंत्रालय ने कहा कि रूसी सेना ने रात भर ड्रोन हमले करके यूक्रेन की ऊर्जा सुविधाओं, बंदरगाह ढांचे और जहाजों को निशाना बनाया। रूस के मुताबिक, हमलों में जापोरिज्जिया शहर स्थित 330 केवी की 'प्रावोबेरेज्‍नाया' बिजली उपकेंद्र (पावर सबस्टेशन) भी प्रभावित हुआ। रूस का दावा है कि यह उपकेंद्र यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों को बिजली आपूर्ति करता है।

मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन के ओडेसा क्षेत्र के किलिया बंदरगाह में उस ढांचे को निशाना बनाया गया, जिसका इस्तेमाल यूक्रेनी सेना के लिए सैन्य उपकरण और अन्य सामान पहुंचाने में किया जाता था। इसके अलावा रूस ने दावा किया कि ओडेसा के उत्तर-पूर्वी समुद्री क्षेत्र में एक मालवाहक जहाज पर भी हमला किया गया, जो कथित तौर पर यूक्रेनी सेना के लिए दोहरे उपयोग (सैन्य और नागरिक दोनों) वाले सामान ले जा रहा था।

इस बीच, शुक्रवार को रूस के एक वरिष्ठ राजनयिक ने कहा कि यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने के मुद्दे पर तभी चर्चा हो सकती है, जब कीव यह स्वीकार कर ले कि वह नाटो का सदस्य नहीं बनेगा। रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने कहा, "जब यह बात स्वीकार कर ली जाएगी, तब किसी न किसी रूप में सुरक्षा गारंटी के मुद्दे पर चर्चा की जा सकती है।"

उन्होंने कहा कि रूस बातचीत के खिलाफ नहीं है, लेकिन यूक्रेन के नाटो में शामिल होने के विषय पर कोई बातचीत नहीं करेगा।रयाबकोव ने दोहराया कि यूक्रेन की नाटो सदस्यता मॉस्को के लिए पूरी तरह अस्वीकार्य है।