श्योपुर, उत्तम सिंह। श्योपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों और एक मरीज के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। डॉ. जितेंद्र सिंह यादव और डॉ. ललित शर्मा के साथ कथित मारपीट के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने राडेप निवासी लखन जाट के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ लखन जाट को पकड़कर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहे हैं।


घटना के विरोध में जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीरज जाट अपने समर्थकों के साथ कोतवाली थाना पहुंचे और डॉक्टरों व अस्पताल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को आवेदन सौंपा। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।


वहीं, लखन जाट ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वह एक दिन पहले जिला अस्पताल में भर्ती था। अगले दिन छुट्टी लेने और दवाइयों की जानकारी के लिए डॉक्टर के पास पहुंचा था। उसका आरोप है कि पहले उसे दवाइयों की जानकारी दी गई, लेकिन बाद में उसके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर अन्य डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने उसे पकड़ लिया और अस्पताल परिसर में उसके साथ मारपीट की।


फिलहाल मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो सहित पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।