भिण्ड, अक्षय जोशी। जिले के गौहद चौराहा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने मृतक का शव गौहद चौराहे पर बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


जानकारी के अनुसार, राय की पाली गांव के पास सचिन तोमर नामक युवक की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी थी। हादसे में सचिन तोमर की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में सड़क दुर्घटना की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन परिजनों का आरोप है कि मृतक और कार मालिक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी वजह से वे इसे महज हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या मानते हुए हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।


घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया। देर तक चले चक्काजाम के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।