शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक हैरान कर देने वाला और संवेदनशीलता से जुड़ा मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई प्रेम कहानी उस वक्त धोखे में बदल गई, जब शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाला प्रेमी अपने वादे से मुकर गया। वर्तमान में 6 महीने की गर्भवती युवती अपने होने वाले बच्चे के भविष्य और हक की खातिर प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई है। न्याय की गुहार लगाते हुए वह खुद थाने पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी पहचान; शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
जानकारी के अनुसार, मैहर जिले की रहने वाली एक युवती की पहचान करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत उफरी गांव के रहने वाले अभय कुशवाहा से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, नंबरों का आदान-प्रदान हुआ और यह मेल-मिलाप प्यार में बदल गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अभय कुशवाहा ने उससे मिलने के बाद शादी करने का पक्का वादा किया और उसके साथ लगातार संबंध बनाए। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई।
गर्भवती होने पर मुकरा प्रेमी; थाने पहुंची प्रेमिका, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जब युवती 6 महीने की गर्भवती हो गई और उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया, तो अभय कुशवाहा अपने वादे से साफ मुकर गया। उसने न केवल शादी करने से इनकार किया, बल्कि गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कहीं। खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और सीधे ब्यौहारी थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित एक्शन लिया और आरोपी अभय कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर विधिवत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

















