जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश में शनिवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह की शुरुआत हो गई है। कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत 14 नवंबर को संस्कार राजधानी जबलपुर से हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर पहुंचने के बाद सीधे अधारताल पहुंचे और वहां स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री गैरीसन मैदान स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आदिवासी नायकों के बलिदान को याद किया और कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा।
जबलपुर के गैरीसन मैदान से मुख्यमंत्री का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने केवल जल, जंगल और जमीन के लिए ही संघर्ष नहीं किया, बल्कि अपनी पहचान और संस्कृति की रक्षा के लिए भी लंबी लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं होता और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं है। अंग्रेजों की विशाल सत्ता के सामने भी बिरसा मुंडा ने कभी घुटने नहीं टेके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के आदिवासियों ने केवल अंग्रेजों से ही नहीं, बल्कि मुगलों के खिलाफ भी डटकर मुकाबला किया। हमारे इतिहास में ऐसे महान आदिवासी नायकों की लंबी श्रृंखला है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और अपनी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज पूरे देश और प्रदेश में मंत्रालय से लेकर हर जिले, ब्लॉक और छात्रावासों में इन जनजातीय नायकों को पूरी श्रद्धा के साथ याद किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें
सरकार द्वारा जनजातीय नायकों के सम्मान में लिए गए ऐतिहासिक फैसले
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को जनजातीय नायकों का सम्मान करना बड़ा मुश्किल लगता है। उन्होंने लंबे समय तक देश में शासन किया, लेकिन हमारे अमर शहीदों को हमेशा भुलाए रखा। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती मनाते समय उनके संघर्ष और योगदान को स्मरण करना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि उनकी कैबिनेट ने सबसे पहली बैठक रानी दुर्गावती के नाम पर जबलपुर में की थी, जबकि दूसरी बैठक राजा संग्राम शाह के नाम पर दमोह में आयोजित की गई। इसके अलावा, राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। मालवा में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करने वाले टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है, और पचमढ़ी के पास राजा भभूत सिंह के योगदान को भी सतपुड़ा टाइगर रिजर्व क्षेत्र से जोड़ा गया है।
11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे 'जनजातीय गौरव सप्ताह' के तहत प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 14 नवंबर को स्वच्छता अभियान और दीप प्रज्ज्वलन हुआ, 15 नवंबर को विद्यालयों-छात्रावासों में बिरसा मुंडा जयंती मनाई जाएगी, तथा 16-17 नवंबर को युवाओं से सीधा संवाद व संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' (हमारा देश, हमारा शासन) के संदेश और उनके शौर्य की गाथाओं से अवगत कराया जाएगा।



















