मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करेंसी चेस्ट से 1 करोड़ रुपये के कथित गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक एवं करेंसी चेस्ट प्रभारी अनुज शर्मा, उप प्रबंधक उत्कर्ष घावरी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शहर कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, पीएनबी मंदसौर के वर्तमान शाखा प्रबंधक की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। बैंक अधिकारियों को करेंसी चेस्ट में नकदी की कमी की सूचना मिलने के बाद उच्च स्तर पर जांच कराई गई। जांच के लिए पीएनबी सर्किल कार्यालय उज्जैन एवं जोनल कार्यालय भोपाल के अधिकारियों की टीम गठित की गई थी।


भौतिक सत्यापन के दौरान जांच टीम ने पाया कि बैंक अभिलेखों के अनुसार करेंसी चेस्ट में 4 करोड़ 5 लाख रुपये होना दर्शाया गया था, जबकि वास्तविक रूप से केवल 3 करोड़ 5 लाख रुपये ही मौजूद मिले। इस प्रकार 1 करोड़ रुपये की नकदी कम पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि करेंसी चेस्ट संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन किया गया। नियमों के अनुसार करेंसी चेस्ट डबल लॉक सिस्टम से संचालित किया जाना चाहिए, लेकिन जांच में पाया गया कि कथित रूप से सिंगल लॉक सिस्टम का उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा स्ट्रांग रूम में ऐसे अधिकारी को भी बायोमेट्रिक माध्यम से प्रवेश दिया गया, जो नकदी का अधिकृत अभिरक्षक नहीं था।


जांच रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि वार्षिक ऑडिट, अर्धवार्षिक सत्यापन, द्विमासिक ऑडिट रिपोर्ट, मासिक निरीक्षण प्रतिवेदन और साप्ताहिक बैलेंस सत्यापन रिपोर्टों में भी 1 करोड़ रुपये की कमी का कोई उल्लेख नहीं किया गया। इससे अभिलेखीय हेराफेरी, गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और लोकधन के दुरुपयोग की आशंका और मजबूत हो गई है।


पुलिस के अनुसार यह मामला आपराधिक न्यासभंग, गबन एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं के उल्लंघन से जुड़ा हुआ है। प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपित अधिकारियों की तलाश की जा रही है। वहीं बैंक प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस और बैंक प्रशासन पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं। जांच पूरी होने के बाद अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।