भोपाल, जीतेन्द्र यादव। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भोपाल सेंट्रल जेल में भी भाई-बहन के प्रेम और स्नेह की भावुक तस्वीरें देखने को मिलीं। जेल अधीक्षक मानवेन्द्र सिंह परिहार की मौजूदगी में रक्षाबंधन का आयोजन किया गया, जहां बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


राखी बांधने के दौरान कई भाई-बहन भावुक नजर आए। जेल की चारदीवारी के बीच अपनों से मुलाकात का यह पल कई परिवारों के लिए भावनाओं से भरा रहा। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति अपना स्नेह जताया, वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराया।


भोपाल सेंट्रल जेल में कई गंभीर आपराधिक मामलों में बंद कैदियों को देखते हुए रक्षाबंधन के मौके पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जेल प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बीच बहनों को अपने भाइयों से मिलने और राखी बांधने का अवसर दिया गया।


रक्षाबंधन के इस आयोजन में जेल की सख्त व्यवस्था के बीच रिश्तों की गर्माहट और भावनाओं की झलक साफ दिखाई दी। राखी का धागा भाई-बहन के रिश्ते, प्रेम और उम्मीद का संदेश देता नजर आया।