भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को और मजबूत करते हुए तीसरे प्रत्याशी के रूप में महेश केवट को मैदान में उतारा है। सोमवार को महेश केवट ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी की जीत का दावा करते हुए तीसरी सीट पर भी सफलता का भरोसा जताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि भाजपा ने अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप तीसरे प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि महेश केवट लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और ओरछा की पावन धरती से आते हैं, जहां भगवान राम राजा के रूप में विराजमान हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महेश केवट को भगवान राम का आशीर्वाद प्राप्त है और पार्टी भविष्य में तीनों सीटों पर विजय दर्ज करेगी।
डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा केवल घोषणा करने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को सम्मान और प्रतिनिधित्व देने का कार्य भी करती है। उन्होंने कहा कि जिस समाज का विधानसभा और लोकसभा में अपेक्षित प्रतिनिधित्व कम रहा है, उस वर्ग से आने वाले व्यक्ति को सीधे राज्यसभा भेजने का निर्णय भाजपा की सामाजिक समरसता और सर्वसमावेशी राजनीति का प्रमाण है। यह पार्टी की सभी वर्गों के प्रति प्रतिबद्धता का शंखनाद है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने पूरी मजबूती के साथ तीसरा प्रत्याशी मैदान में उतारा है और भाजपा चुनाव जीतने के उद्देश्य से ही लड़ रही है। उन्होंने कहा कि ओरछा धाम से आने वाले महेश केवट को सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। बहुमत के आंकड़ों को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि भाजपा के पास पर्याप्त विधायक हैं और तीसरी सीट के लिए कुछ मतों की कमी कोई बड़ी बात नहीं है। पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में डटी हुई है।
खरीद-फरोख्त के विपक्षी आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की किसी से ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष बेवजह घबराहट में आरोप लगा रहा है, जबकि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ रही है और उसे अपनी जीत पर पूरा भरोसा है।

