इंदौर। चर्चित राजा रघुवंशी मर्डर केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले की मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल गई है। सोनम फिलहाल शिलॉन्ग जेल में बंद थी, जहां की अदालत ने चौथी सुनवाई के बाद उसे राहत दी। इसकी पुष्टि मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने की है। यह मामला 23 मई 2025 को सामने आया था, जब इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी। राजा की शादी 11 मई 2025 को सोनम से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए शिलॉन्ग गए थे, जहां 23 मई को वे अचानक लापता हो गए।
करीब 10 दिन बाद पुलिस ने राजा का शव 30 फीट गहरी खाई से बरामद किया, जिस पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले। घटना के बाद सोनम लापता हो गई थी और बाद में उसने उत्तर प्रदेश में आत्मसमर्पण किया। पूछताछ के दौरान इस मामले में अन्य आरोपियों—आकाश, आनंद और विशाल—को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि सोनम के कथित तौर पर राज कुशवाहा से संबंध थे। आरोप है कि उसने साजिश के तहत राजा को घुमाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्या करवाई। घटना में इस्तेमाल एक हथियार भी बाद में जंगल से बरामद किया गया था। फिलहाल इस मामले के अन्य आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। सोनम को जमानत मिलने के बाद अब केस में आगे की कानूनी प्रक्रिया और भी अहम हो गई है।

