इंदौर, रविकांत वर्मा। शुक्रवार देर रात राजेंद्र नगर थाने के दो आरक्षकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को भी चोटें आई हैं। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरक्षक प्रमोद त्यागी और भूरालाल जामले बीट बिजलपुर क्षेत्र में ड्यूटी पर थे। उनकी ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। दोनों बाइक से गश्त कर रहे थे और दुर्गानगर एबी रोड के पास खड़े थे। तभी एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उन पर टक्कर मार दी।
टक्कर की इतनी जोरदार थी कि दोनों आरक्षक उछलकर दूर जा गिरे। भूरालाल जामले के पेट, सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि प्रमोद त्यागी के पैर घायल हुए हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत दोनों घायल आरक्षकों की मदद की, उन्हें सड़क से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने कार चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह है कि कार चला रहा व्यक्ति डीआरपी लाइन में तैनात पुलिसकर्मी विजय चौहान है। वह नशे की हालत में था। पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

