अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। नगर परिषद अमरपाटन की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को भीम आर्मी और स्थानीय रहवासियों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर जनआक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।


ज्ञापन में अमरपाटन में पोस्टमार्टम हाउस की स्थापना, जगह-जगह होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण और संरक्षण सहित कई जनहित से जुड़ी मांगें प्रमुख रूप से रखी गईं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से नगर परिषद और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


भीम आर्मी और स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो सतना चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होने की बात कही।


मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया और उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।