इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी एक बार फिर इंदौर पुलिस की जांच के दायरे में हैं। सट्टा-मटका मामले में पुलिस उनकी भूमिका की दोबारा जांच कर रही है और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा सकती है। पुलिस को नाना के मोबाइल से ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग एप और आईडी से जुड़े डिजिटल सुराग मिले हैं।


जांच के अनुसार, नाना ने क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए सौम्य प्रीत शिंदे से आईडी और एप की जानकारी ली थी। पुलिस ने शुक्रवार को सौम्य प्रीत शिंदे समेत राहुल निंबोला और धर्मेंद्र खींची को गिरफ्तार किया। अब तक इस मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


पुलिस के मुताबिक, डिजिटल साक्ष्यों की जांच में मनीष पमनानी, पिंकेश माहेश्वरी और बंटी असरानी समेत कई लोगों के कनेक्शन सामने आए हैं। जांच में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के दुबई और अन्य देशों से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है। विदेशी सट्टेबाज एजेंटों और बुकियों को एप तथा वेबसाइट की लिंक उपलब्ध कराते थे।


डीसीपी जोन-2 नरेंद्र रावत के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के विदेश में बैठे सट्टेबाजों से सीधे संपर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस जूनी इंदौर के किक्का समेत अन्य संदिग्ध कनेक्शनों को भी खंगाल रही है। एसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और जिसके खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलेंगे, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


मामले में जुआ अधिनियम और BNS की संबंधित धाराओं के साथ संगठित तरीके से सट्टा संचालन तथा आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब ऑनलाइन सट्टे के पूरे नेटवर्क, उसके विदेशी कनेक्शन और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।