टीकमगढ़, माेहसिन अहमद। जिला मुख्यालय के कोतवाली थाने में पदस्थ एक आरक्षक (कांस्टेबल) द्वारा एक नाबालिग छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
वारदात का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सोशल मीडिया पर उजागर हुआ है, जिसमें आरक्षक शत्रुघ्न दांगी रात के करीब 3 बजे पीड़ित नाबालिग के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित छात्र का गंभीर आरोप है कि वारदात के वक्त पुलिसकर्मी अत्यधिक शराब के नशे में धुत था और उसने बिना किसी वजह के उसके साथ बर्बरता की। हैरान करने वाली बात यह है कि रात के समय हुई इस गंभीर घटना की भनक अब तक जिले के उच्च पुलिस अधिकारियों को नहीं लग सकी है, जबकि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश पनप रहा है।



