बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। थाना क्षेत्र के सुम्मेर गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद के दौरान लाठी-डंडे चलने से दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों ने बटियागढ़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें चिकित्सीय परीक्षण एवं उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।


पीड़ित वीरन अहिरवार ने बताया कि परिवार में जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका है, लेकिन मां के नाम की जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। इसी बात पर उनके भतीजे जित्तू और सौरभ से कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों ने लाठी-डंडों से हमला कर वीरन अहिरवार और उनके पुत्र के साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए।


पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को शिकायत सौंपी है। वहीं बटियागढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।