इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित एक कैफे में युवतियों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद चार से अधिक युवतियां आपस में भिड़ गईं और कैफे के अंदर जमकर मारपीट हुई। घटना से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ युवतियां कैफे में चाय पीने के लिए एकत्रित हुई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। पहले बहस और तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। युवतियों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे कैफे में मौजूद अन्य ग्राहक भी घबरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर युवतियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया। घटना के चलते कुछ समय तक कैफे का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
घटना की सूचना मिलने पर एमआईजी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संबंधित युवतियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। फिलहाल विवाद के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शिकायत मिलने के बाद प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
एमआईजी थाना पुलिस का कहना है कि जांच जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

