जबलपुर, अनुराग शुक्ला। थाना गोहलपुर पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। चोरी के जेवरों को गिरवी रखकर हासिल की गई रकम का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया एवं थाना प्रभारी रितेश पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जानकारी के अनुसार अमखेरा निवासी ऐहतेशाम अंसारी ने 1 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि ईद मनाने के लिए परिवार सहित बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से इब्राहिम अंसारी और मोहम्मद इजहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मदार टेकरी कब्रिस्तान क्षेत्र में छिपाकर रखे गए चांदी के जेवर बरामद किए। आगे की जांच में पता चला कि चोरी के सोने के आभूषण असगर अंसारी और यासीन अंसारी के माध्यम से गिरवी रखे गए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बजाज गोल्ड लोन शाखा से गिरवी रखे गए सभी सोने के जेवर जब्त कर लिए।
बरामद सामान में सोने का हार, ब्रेसलेट, अंगूठियां, झुमके, पेंडल तथा चांदी की पायल, कड़ा, बिछिया सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल भी जब्त की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी इब्राहिम अंसारी के खिलाफ चोरी, मारपीट और बलात्कार सहित पांच गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि मोहम्मद इजहार पर चोरी एवं मारपीट के दस प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के खुलासे में थाना गोहलपुर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

