जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में नगर निगम के एक कर्मचारी द्वारा गंभीर अपराध की पीड़िता से जुड़ी गोपनीय जानकारी आरोपी को सौंपने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला अभियोजन संचालनालय, जबलपुर ने जिला दंडाधिकारी को पत्र लिखकर नगर निगम के सहायक ग्रेड-3 शिवमोहन द्विवेदी के विरुद्ध उचित प्रशासनिक व वैधानिक कार्रवाई करने की अनुशंसा की है।यह पूरा प्रकरण थाना संजीवनी नगर में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376, 376(2)(एन) तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज अपराध से जुड़ा है। अभियोजन संचालनालय ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि पीड़िता की संवेदनशील व गोपनीय जानकारी आरोपी तक पहुंचाए जाने से न केवल सूचना के अधिकार (RTI) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है, बल्कि पीड़िता की निजता भी गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।


स्वास्थ्य विभाग द्वारा रिकॉर्ड उपलब्ध न होने की सूचना के बावजूद 5 दिन बाद आरोपी को दी गई जानकारी

जिला अभियोजन संचालनालय द्वारा 6 अगस्त 2026 को जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर निगम जबलपुर में लोक सूचना अधिकारी के कार्यालय से संबंधित कार्यों में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 शिवमोहन द्विवेदी ने पॉक्सो प्रकरण की पीड़िता के जन्म संबंधी रिकॉर्ड आरोपी को उपलब्ध कराए। पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग, संभाग क्रमांक-5 द्वारा 13 मई 2026 को पत्र के माध्यम से स्पष्ट जानकारी दी गई थी कि संबंधित खंड में अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद आरोप है कि सहायक ग्रेड-3 द्वारा पूर्व रिकॉर्ड के आधार पर पीड़िता के जन्म संबंधी जानकारी 18 मई 2026 को पत्र के माध्यम से आरोपी को मुहैया करा दी गई। संचालनालय ने इसे नियमों के विपरीत बताते हुए सख्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई है।


पॉक्सो मामले में गोपनीयता भंग होने को माना गया गंभीर अपराध

पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान और उनसे जुड़ी संवेदनशील जानकारियों को गोपनीय रखना कानूनन अनिवार्य और अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। अभियोजन संचालनालय के पत्र में पीड़िता की गोपनीय जानकारी आरोपी को उपलब्ध कराए जाने को गंभीर विषय बताते हुए तत्काल कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। जानकारी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी शिवमोहन द्विवेदी के विरुद्ध पूर्व में भी नगर निगम की स्थापना शाखा में आर्थिक अनियमितता एवं पद के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की जांच लंबित होने की चर्चा है। पत्र में कर्मचारी के इस कृत्य पर गंभीर टिप्पणी करते हुए प्रशासनिक स्तर पर कठोर कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।