उमरिया, तपस गुप्ता। जिले के ग्राम अखड़ार स्थित शासकीय विद्यालय में बड़ा हादसा हो गया। बारहवीं कक्षा की छत से अचानक प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरने से दो से तीन छात्र घायल हो गए। हादसे में लवकुश गुप्ता नामक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसके सिर, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जबकि अन्य छात्रों को मामूली चोटें आई हैं।


घटना उस समय हुई जब छात्र कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। घायल छात्र ने बताया कि वह बाथरूम से लौटकर अपनी सीट पर बैठा ही था कि अचानक छत का प्लास्टर उसके ऊपर आ गिरा। हादसे के बाद कक्षा में अफरा-तफरी मच गई। विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल घायल छात्रों को उपचार के लिए भेजा और संबंधित कक्षा को दूसरे कमरे में स्थानांतरित कर दिया।


बताया जा रहा है कि विद्यालय प्रबंधन ने घटना की सूचना तत्काल जिला शिक्षा विभाग को नहीं दी। आरोप है कि प्राचार्य ने परिजनों को उपचार का आश्वासन देकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, जिससे उच्च अधिकारियों को समय पर जानकारी नहीं मिल सकी। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में कक्षा की छत का बड़ा हिस्सा टूटा हुआ और कमरे में प्लास्टर का मलबा बिखरा दिखाई दिया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय भवन का निर्माण लगभग पांच वर्ष पहले हुआ था। इतनी कम अवधि में छत का प्लास्टर गिरना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भवन की तकनीकी जांच कराने तथा जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित न करने की मांग की है।


मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में पूछा गया है कि क्षतिग्रस्त भवन में कक्षाएं क्यों संचालित की जा रही थीं। जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।