रायगढ़/छत्तीसगढ़ (रोहित तिर्की) - धरमजयगढ़ क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और भारतमाला परियोजना के मार्गों को बार-बार बंद किए जाने से राहगीरों सहित बस और ट्रक संचालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर स्टेट हाईवे पर डी.बी.एल के भारी वाहनों की आवाजाही से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, वहीं दूसरी ओर भारतमाला सड़क को चिकटवानी और बायसी के पास बंद रखे जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
कांग्रेस के युवा नेता एवं वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद गगनदीप सिंह कोमल ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भारतमाला निर्माण कार्य में उपयोग किए जा रहे बड़े-बड़े टिप्पर और फ्लाई ऐश के परिवहन के कारण स्टेट हाइवे की हालत इतनी खराब हो गई है कि छोटे-बड़े वाहनों का चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसका सीधा असर ट्रक और बस संचालकों पर पड़ रहा है। खराब सड़कों के कारण कहीं वाहनों के पट्टे टूट रहे हैं तो कहीं गाड़ियों की बॉडी सड़क से टकरा रही है, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान और अतिरिक्त परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि डीबीएल द्वारा कभी भारतमाला सड़क को आवागमन के लिए खोल दिया जाता है तो कभी अचानक बंद कर दिया जाता है। इस तरह की अनिश्चित व्यवस्था से राहगीरों, बस संचालकों और ट्रक चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गगनदीप सिंह कोमल के अनुसार, बायसी से उरगा और चिकटवानी से पत्थलगांव तक भारतमाला सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद पिछले कुछ दिनों से मार्ग बंद रखा गया है। इससे लोगों को मजबूरी में खराब वैकल्पिक सड़कों से आवागमन करना पड़ रहा है।
उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी और प्रशासन से मांग की है कि भारतमाला मार्ग को नियमित रूप से आवागमन के लिए खोला जाए तथा स्टेट हाईवे की मरम्मत कराई जाए, ताकि आम नागरिकों, बस और ट्रक संचालकों को राहत मिल सके।

















