छतरपुर, संजय अवस्थी। देवास जिले सहित मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में पटवारियों के खिलाफ की जा रही सेवा समाप्ति, निलंबन और दंडात्मक कार्यवाहियों के विरोध में मध्य प्रदेश पटवारी संघ छतरपुर ने विरोध प्रदर्शन किया है। पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने प्रमुख सचिव, राजस्व विभाग, मध्य प्रदेश शासन के नाम छतरपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर की गई कार्यवाहियों को तत्काल वापस लेने की मांग की है।


ज्ञापन के माध्यम से पटवारी संघ के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अरविंद पटेल ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन और अन्य राजस्व कार्यों के निष्पादन में आ रही विधिक एवं व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में शासन को पूर्व में ही अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद देवास में दो पटवारियों की सेवा समाप्ति और अन्य जिलों में निलंबन जैसी दंडात्मक कार्यवाहियों पर संघ ने गहरा रोष जताया है।


प्रादेशिक संगठन के निर्णय के तहत पटवारी संघ ने चेतावनी दी है कि वे ऑनलाइन राजस्व कार्यों से विरत रहेंगे तथा शासकीय व्हाट्सऐप एवं अन्य शासकीय समूहों से बाहर रहेंगे। पटवारी संघ ने स्पष्ट कहा है कि यदि बर्खास्तगी, निलंबन और अनुचित कार्यवाहियों के आदेश तत्काल निरस्त नहीं किए जाते और भविष्य में किसी भी जिले में पटवारियों पर ऐसी कार्रवाई दोहराई जाती है, तो प्रदेश भर का समस्त पटवारी संवर्ग बिना किसी पूर्व सूचना के तत्काल प्रभाव से टोटल शटडाउन कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होगा।