भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार, सड़क पर खड़ी थार गाड़ी हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर तीन युवक भड़क गए और विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के दौरान रिवॉल्वर छीनकर एक किसान को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान तीन राउंड फायरिंग भी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


गोली किसान के पैर में लगी और उसे चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मिसरोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फायरिंग में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।