सागर, जीशान खान। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर शाखा द्वारा ब्लड कैंसर, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, प्रिसीजन मेडिसिन और सुरक्षित रक्ताधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उच्चस्तरीय वैज्ञानिक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरविंद सराफ और डॉ. विश्वास सप्रे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सेमिनार में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर विस्तृत जानकारी साझा करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
सेमिनार के प्रथम वैज्ञानिक सत्र में प्रसिद्ध हीमैटोलॉजिस्ट डॉ. सचिन बंसल ने बोन मैरो ट्रांसप्लांट की आधुनिक तकनीकों, ऑटोलॉगस एवं एलोजेनिक ट्रांसप्लांट और मरीजों के उचित चयन की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. हर्ष मिश्रा एवं डॉ. नीरज जैन ने की। दूसरे सत्र में डॉ. सैकत दत्ता ने प्रिसीजन मेडिसिन और जीन प्रोफाइलिंग के माध्यम से मरीजों की आनुवंशिक विशेषताओं के अनुरूप सटीक एवं व्यक्तिगत उपचार की संभावनाओं को रेखांकित किया, जिसकी अध्यक्षता डॉ. ऋषभ जैन ने की।
तीसरे वैज्ञानिक सत्र में डॉ. अमर गंगवानी ने सुरक्षित रक्ताधान, प्रतिकूल रक्ताधान प्रतिक्रियाओं की समय पर पहचान, रिपोर्टिंग तथा रोकथाम में हीमोविजिलेंस सिस्टम की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. आर. के. बिंदुआ ने की। आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि इस तरह के वैज्ञानिक एवं केस-आधारित कार्यक्रम चिकित्सकों के ज्ञान और क्लिनिकल दक्षता को मजबूत करते हैं, जिससे मरीजों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन आईएमए सागर के सचिव डॉ. रोशी जैन ने किया। सेमिनार में सागर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने भाग लेकर विशेषज्ञों से संवाद किया।




