छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरद्वार गांव के पास एक तेज रफ्तार गिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से आ रही थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस से टकरा गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




