भिंड,अक्षय। भिंड शहर के भीमनगर इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े एक महिला को गोली मारने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। घायल महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, नीलम (उम्र करीब 45 वर्ष) अपने इलाके में स्थित एक सिलाई सेंटर पर बैठी हुई थी। इसी दौरान अचानक एक बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचा और बिना किसी बातचीत के महिला पर गोली चला दी। गोली महिला के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी। घटना के तुरंत बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की, साथ ही आरोपी की तलाश के लिए नाकाबंदी भी कराई गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे किसी पुराने विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। फिलहाल घायल महिला का इलाज ग्वालियर में जारी है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

