गुवाहाटी। असम के बारपेटा के रहने वाले और गुवाहाटी में हत्या के शिकार हुए भूदेव भारली के परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। भूदेव की बेटी ने मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच, दोषियों को कड़ी सजा और पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
गुवाहाटी में हुई इस हत्या के बाद से पूरा परिवार दहशत में है। भूदेव भारली की बेटी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "गुवाहाटी में लोग मुख्य रूप से रोजगार, खेल या शिक्षा के लिए आते हैं। यहां हर तरह के काम के लिए लोगों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में कोई व्यक्ति खुलेआम आकर स्थानीय लोगों पर गोली चलाता है और फिर उसे राजा जैसा बर्ताव और सुरक्षा मिलती है, इस वजह से स्थानीय लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल है। लोग अपने घरों से निकलने से भी डर रहे हैं। बेटी ने कहा, "लोग अपना कारोबार चलाने से डर रहे हैं, घर से बाहर जाने से डर रहे हैं और यहां तक कि होटल मालिक भी खौफ के साये में जी रहे हैं। ऐसे में बाहर से लोग कैसे आएंगे। पर्यटक आने से डरेंगे।"
उन्होंने असम की छवि पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई और कहा, "पहले भी हम बाहर जहां पढ़ने जाते हैं, वहां के लोग जंगल, चाइनीज वगैरह बोलते हैं। अगर यहां पर लोकल ही सुरक्षित नहीं है तो पर्यटक तो और भी सुरक्षित नहीं होंगे। हम लोगों का शहर बहुत बड़ा है। दुनियाभर से लोग यहां घूमने आते हैं। ऐसे में इन चीजों पर तुरंत एक्शन लेना चाहिए, जिससे अपराधियों को कानून का डर होगा।"
परिवार ने आरोपी के लिए सख्त सजा की मांग की है। भूदेव भारली की बेटी ने कहा, "ऐसी घटनाओं से लोग गुवाहाटी जाने से डरेंगे और बोलेंगे कि वहां पर ओपन फायरिंग हो रही है। जितना जल्द हो सके, उतना जल्दी एक्शन लेना चाहिए। हम आरोपी का एनकाउंटर चाहते हैं। हम मौत की सजा की मांग कर रहे हैं।"
परिवार का कहना है कि जब तक दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना वापस नहीं आएगी। उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से इस मामले को फास्ट ट्रैक पर ले जाकर न्याय दिलाने की अपील की है।















