उमरिया, तपस गुप्ता। जिले के बिरसिंहपुर पाली में बढ़ती महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रकाश चौराहा पर आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर और प्याज की मालाएं पहनकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान ‘खा गया शक्कर, पी गया तेल, भाजपा का यही खेल’ जैसे नारों से चौराहा गूंज उठा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और आम जनता की रसोई पर पड़ रहे आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से आम परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है। शक्कर और प्याज की माला पहनकर प्रदर्शन करने का उद्देश्य महंगाई के मुद्दे की ओर आम लोगों का ध्यान आकर्षित करना था।
प्रदर्शन में पूर्व जिला संगठन मंत्री संजीव खंडेलवाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लाल बहादुर सिंह, प्रमोद उपाध्याय, शाकिर खान, शिवकुमार दहिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीष सिंह बड़करे, उषा कोल, राम बिहारी उपाध्याय, जागरण विश्वकर्मा और सेवादल प्रमुख रमेश सिंह सेंगर सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रजनीश तिवारी के साथ अंकित मिश्रा, प्रदीप तिवारी, दीपक सरकार, जावेद खान, रवि प्रजापति, विजय यादव, साजिद खान और अनुज मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर पार्टी आगे भी जनता के बीच अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी।




