इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रविवार को पाकिस्तान और दुनिया भर के लोगों दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश का यह पर्व आपके जीवन में शांति, उत्तम स्वास्थ्य, खुशियां और समृद्धि लेकर आए।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "पाकिस्तान और दुनिया भर में दिवाली का त्योहार मना रहे सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। प्रकाश का यह पर्व आपके जीवन में शांति, उत्तम स्वास्थ्य, खुशियां और समृद्धि लेकर आए। हैप्पी दिवाली।"
इससे पहले, दीपावली के अवसर पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने शहबाज शरीफ का एक संदेश भी शेयर किया। शहबाज ने कहा, "दीपावली के इस हर्षोल्लासपूर्ण और पावन अवसर पर मैं दुनिया भर में रहने वाले हिंदू समुदाय, विशेष रूप से पाकिस्तान में निवास करने वाले लोगों को दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"
शहबाज शरीफ ने कहा, "दीपावली घृणा, असहिष्णुता और निराशा के अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। रोशनी का यह त्योहार मानवीय संबंधों और सामाजिक जीवन में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने का गहरा संदेश देता है। उज्ज्वल, समृद्ध और आशावादी भविष्य में अटूट विश्वास दीपावली के सबसे प्रिय गुणों में से एक है।"
इसके साथ ही, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सभी धर्मों के बीच मेलजोल और सहनशीलता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने अपने संदेश में आखिर में कहा, "दिवाली के खुशी के मौके पर हिंदू समुदाय को दिल से बधाई।"
पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो जरदारी ने भी दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "दिवाली के खुशी के मौके पर, मैं पाकिस्तान और दुनिया भर में हिंदू समुदाय को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। दिवाली की रोशनी हर घर में शांति, खुशी और समृद्धि लाए।"















