इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के राजमोहल्ला क्षेत्र में गुरुवार अल सुबह सफाई कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। नगर निगम की सफाई मित्र महिला पर निजी यात्री बस की छत से भारी पार्सल गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरा हादसा कैद हो गया।


जानकारी के अनुसार झोन-2 क्षेत्र में नगर निगम की सफाई मित्र सुनीता बाली सुबह सफाई कार्य कर रही थीं। इसी दौरान पास में खड़ी एक निजी यात्री बस पर पार्सल लोड किए जा रहे थे। अचानक करीब एक क्विंटल वजनी पार्सल बस की छत से नीचे गिर गया और सीधे महिला के ऊपर आ गिरा। भारी पार्सल गिरने से महिला वहीं दब गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।


घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला को शरीर में कई जगह फ्रैक्चर आए हैं। फिलहाल उनका इलाज जारी है और हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद संबंधित गोदाम को सील किए जाने की जानकारी भी मिली है। वहीं नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हालचाल लिया। मामले की जांच जारी है।