भिंड, अक्षय जोशी। जिले के मालनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरीरामपुरा के पास शुक्रवार को कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार कई गुलाटे खाते हुए सड़क किनारे खाई में जा गिरी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मालनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर बेहद तेज थी, जिससे कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

