सतना, अंबिका केशरी। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को युवक कांग्रेस और एनएसयूआई ने जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। पुलिस ने पहले से की गई सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रदर्शनकारियों को बैरीकेड पर ही रोक दिया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और रस्साकसी की स्थिति बनी रही।


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरीकेड हटाकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने संयम और सतर्कता के साथ उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता बैरीकेड के पास धक्का-मुक्की में हवा में उछलते दिखाई दिए और कुछ को मामूली चोटें भी आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब एक दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।


युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के नेताओं ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा पेपर लीक ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उनका कहना था कि केंद्र सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने में विफल रही है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।


प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल छात्रों के हितों की रक्षा के लिए है और जब तक पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा नहीं होता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं पुलिस प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा।