भोपाल, जीतेन्द्र यादव। नगर निगम सदन की बैठक में कमिश्नर संस्कृति जैन की गैरमौजूदगी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के दौरान कमिश्नर की खाली कुर्सी देखकर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी नाराज हो गए और उन्होंने अधिकारियों के सामने कड़ी आपत्ति जताई।
अध्यक्ष ने कहा कि सदन और आसंदी की अपनी मर्यादा होती है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “कमिश्नर क्या घर की खेती है, आसंदी की कुछ मर्यादा होती है।” कमिश्नर की अनुपस्थिति को लेकर कई पार्षदों ने भी आपत्ति दर्ज कराई और सदन में माहौल गरमा गया।
अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कमिश्नर की गैरमौजूदगी पर कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि “आइंदा ऐसा नहीं होना चाहिए, वरना परमानेंट विदाई हो जाएगी।”
कमिश्नर की खाली कुर्सी निगम बैठक में चर्चा और नाराजगी का प्रमुख कारण बनी रही। प्रश्नकाल जैसे महत्वपूर्ण समय में कमिश्नर की अनुपस्थिति को लेकर अध्यक्ष और पार्षदों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।




