नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में तमिलनाडु से आए 84 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। यह प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत आयोजित ‘युवा संगम’ चरण-7 के तहत दिल्ली दौरे पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के युवाओं की मौजूदगी भारत की युवा शक्ति, ऊर्जा और अपार संभावनाओं का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा संगम’ जैसे कार्यक्रम अलग-अलग राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपरा, विकास यात्रा और जीवनशैली को समझने का बेहतरीन अवसर देते हैं। इससे सांस्कृतिक आदान-प्रदान तो बढ़ता ही है, साथ ही आपसी विश्वास, सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विजन का बेहतरीन उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में है। अलग-अलग भाषाएं, खान-पान, कला और जीवनशैली देश की पहचान को समृद्ध बनाती हैं। जब युवा एक राज्य से दूसरे राज्य की यात्रा करते हैं तो वे सिर्फ घूमते नहीं, बल्कि विचारों का आदान-प्रदान करते हैं और स्थायी मित्रता व सहयोग के नए रास्ते खोलते हैं।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की समृद्ध सभ्यतागत विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु ने साहित्य, कला, ज्ञान परंपरा के साथ-साथ शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उद्योग के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया है। ये युवा प्रतिनिधि अपने राज्य की उसी गौरवशाली विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्हें राजधानी की सांस्कृतिक विविधता, विकास कार्यों, शासन प्रणाली और सामुदायिक जीवन को करीब से समझने का मौका मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली की आधुनिक परिवहन व्यवस्था देखने का निमंत्रण दिया। उन्होंने छात्रों से दिल्ली मेट्रो नेटवर्क, इलेक्ट्रिक बसों और नई ईवी नीति को समझने और राजधानी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का दौरा करने को कहा। उन्होंने आग्रह किया कि छात्र दिल्ली को आधुनिक, स्वच्छ और जन-अनुकूल बनाने के लिए अपने सुझाव भी दें। साथ ही उन्होंने युवाओं से ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय लक्ष्य में अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार से योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र अपने अनुभव अपने परिवार, दोस्तों और समुदाय के साथ साझा करें, ताकि राज्यों के बीच संबंध और मजबूत हों।

बता दें कि 'युवा संगम' के सातवें चरण में तमिलनाडु केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रों और फैकल्टी कोऑर्डिनेटरों का यह 84 सदस्यीय दल 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली के दौरे पर है। इस पहल का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों के युवाओं के बीच आपसी संबंध मजबूत करना और उन्हें भारत की सांस्कृतिक विविधता को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देना है।