मुंबई। मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को प्रदर्शनी केंद्र में 11 अप्रैल को आयोजित एक 'टेक्नो म्यूजिक कॉन्सर्ट' में ड्रग्स के ओवरडोज से मैनेजमेंट के दो छात्रों की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी के भाई को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह 14वीं गिरफ्तारी की गई है।मुंबई की वनराई पुलिस ने केस के मुख्य आरोपी महेश उर्फ मार्क खेमलानी के भाई नितेश उर्फ निक खेमलानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने निक खेमलानी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे 13 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ड्रग नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन की गहन जांच के बाद की गई है। जांच में निक और पहले से पकड़े गए आरोपियों के बीच संदिग्ध पैसों के लेन-देन का खुलासा हुआ है। वनराई पुलिस अब निक से पूछताछ कर इस ड्रग सिंडिकेट के पूरे आर्थिक नेटवर्क और फंडिंग सोर्स का पता लगाने में जुटी है। इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
इस मामले में इससे पहले पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। नितेश उर्फ 'निक' खेमलानी मास्टरमाइंड महेश उर्फ 'मार्क' खेमलानी का जुड़वा भाई है।
मुंबई के एक प्रतिष्ठित मैनेजमेंट कॉलेज के करीब 19 छात्र गोरेगांव के नेस्को सेंटर में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल होने गए थे। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि छात्रों ने 'मर्सिडीज' नाम की एक्स्टसी गोलियों का सेवन किया था।
वहीं, मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल की कांदिवली यूनिट की ओर से भी ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने 50 करोड़ की एमडी ड्रग्स को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शक है कि मुंबई में एमडी ड्रग्स का एक बड़ा सिंडिकेट चल रहा है, जिसके तार दूसरे राज्यों के साथ जुड़े हो सकते हैं।




