मुंबई। कॉमेडियन भारती सिंह टीवी और एंटरटेनमेंट की दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं। अपनी कॉमेडी और हंसी-मजाक से उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर इतना आसान नहीं था। हाल ही में उन्होंने 90 के दशक के अपने दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके घर में टीवी तक नहीं था। ऐसे में वह मोहल्ले के एक परिवार के घर टीवी देखने जाया करती थीं, लेकिन वहां भी उन्हें हर बार टीवी देखने की इजाजत नहीं होती थी।
'द इंडियन गेम शो 'विद भारती एंड हर्ष' के लेटेस्ट एपिसोड में भारती ने बचपन का एक किस्सा सुनाया। शो में '90 के दशक की यादें' सेलिब्रेट की जा रही थीं। इस दौरान भारती ने कहा, ''मेरे बचपन में घर में टीवी नहीं था। पूरे मोहल्ले में भी हर किसी के घर टीवी नहीं हुआ करता था। कुछ गिने-चुने परिवार ही ऐसे थे, जिनके घर टीवी मौजूद था।''
उन्होंने कहा, "लेकिन अक्सर जब मैं उनके घर टीवी देखने जाती थी, तो वो टीवी के आगे पर्दा कर दिया करते थे और बोलते थे, 'जाओ-जाओ अपने घर, पढ़ना नहीं है?'"
भारती ने अपने इन पुराने पड़ोसियों को एक अलग अंदाज में धन्यवाद भी दिया। उन्होंने कहा, ''मैं उनको थैंक यू करना चाहती हूं कि आपने मुझे अपने घर से निकाला। आप लोगों की वजह से मैंने इतनी मेहनत की कि अब मैं खुद टीवी पर आ रही हूं।''
'द इंडियन गेम शो 'विद भारती एंड हर्ष' एक एंटरटेनमेंट गेम शो है, जिसमें सेलिब्रिटीज अलग-अलग तरह के मजेदार चैलेंज लेते हैं। शो में फिजिकल, कॉमेडी और स्किल बेस्ड गेम्स के जरिए कंटेस्टेंट्स को मुकाबला करना होता है। इन चैलेंज के साथ प्राइज जीतने का मौका मिलता है, जबकि कुछ गेम हारने पर कंटेस्टेंट्स को मजेदार पनिशमेंट भी दिए जाते हैं।












