दामोह,राजेन्द्र तिवारी। मध्यप्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक किसान युवक की ट्रैक्टर सहित सूखी नदी में गिरने से मौत हो गई। यह घटना बटियागढ़ थाना क्षेत्र के मड़िया गांव की है, जहां सुनार नदी के सूखे हिस्से में ट्रैक्टर गिरा मिला और युवक का शव पत्थरों की खोह में फंसा हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह ग्रामीणों ने सुनार नदी के सूखे हिस्से में एक ट्रैक्टर पड़ा देखा। नदी में ट्रैक्टर देख लोगों को हैरानी हुई कि आखिर यह वहां कैसे पहुंचा। जब कुछ लोग मौके के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि पास ही पत्थरों के बीच बनी गहरी खोह में एक युवक फंसा हुआ है।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बटियागढ़ पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान पास के गांव हिनौता मेलवारी निवासी संतोष पटेल के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, संतोष पटेल ने करीब दो महीने पहले ही नया ट्रैक्टर खरीदा था। बीती रात वह ट्रैक्टर लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि सुबह इस हादसे की सूचना मिली।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि संतोष पटेल ट्रैक्टर लेकर नदी के रास्ते से गुजर रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सूखी नदी में जा गिरा। नदी का इलाका पूरी तरह पथरीला होने के कारण ट्रैक्टर के गिरते ही संतोष उछलकर पत्थरों की खोह में जा फंसा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

