सतना, अंबिका केशरी। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में 9 वर्षीय मासूम नितिन यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बुधवार शाम घर से हैंडपंप पर हाथ-पैर धोने की बात कहकर निकला नितिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की और पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को घर से करीब 400 मीटर दूर जंगल की झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।


पुलिस के अनुसार शव के आसपास करीब 10 मीटर के दायरे में बालक का सिर, एक हाथ और एक पैर अलग-अलग पड़े मिले, जबकि धड़ का अधिकांश हिस्सा और दूसरा पैर गायब था। घटना की भयावहता देखकर मौके पर मौजूद लोगों के भी होश उड़ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।


घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं। प्रथम दृष्टया शव की स्थिति देखकर जंगली जानवर के हमले की संभावना जताई जा रही है, वहीं परिजन इसे पुरानी रंजिश से जुड़ी हत्या बता रहे हैं। उनका आरोप है कि पहले नितिन का अपहरण कर उसकी हत्या की गई और बाद में शव जंगल में फेंक दिया गया, जहां जंगली जानवरों ने उसे नोच डाला।


एसडीओपी चित्रकूट राजेश बंजारे ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। वन अधिकारियों ने प्रारंभिक निरीक्षण में बाघ या तेंदुए जैसे किसी बड़े जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता और हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।


बालक के लापता होने के बाद पुलिस ने रातभर आसपास के क्षेत्रों, कुओं और संभावित स्थानों पर तलाश की। गुरुवार सुबह डॉग स्क्वॉड, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीम के साथ जंगल में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद झाड़ियों में मासूम का शव बरामद हुआ।


मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नितिन की मौत जंगली जानवर के हमले से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक षड्यंत्र है। फिलहाल पूरे पिंडरा गांव में शोक और दहशत का माहौल है तथा सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।