भिंड, अक्षय जोशी। करीब दो महीने पहले मेहरी गांव के कुएं में मिली 6 वर्षीय नाबालिग बालिका की हत्या का लहार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, बालिका की हत्या उसकी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 15 जून को लहार थाना क्षेत्र के मेहरी गांव में एक कुएं से 6 वर्षीय बालिका का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान उसके पिता ने की थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका को आखिरी बार उसकी मां के साथ देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी से पूछताछ की, जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, फूप थाना क्षेत्र के ज्ञानपुरा निवासी धर्मेंद्र दोहरे और मेहरा गांव निवासी महिला का प्रेमी रामशंकर शर्मा उर्फ पल्लू गुजरात में साथ काम करते थे। महिला का पति रामशंकर के मोबाइल से उससे बात करता था। इसी दौरान महिला और रामशंकर के बीच प्रेम संबंध बन गए। महिला 27 मई को अपनी बेटी को लेकर प्रेमी के साथ चली गई थी।
5 जून को महिला प्रेमी के गांव पहुंची, जहां उसकी बेटी ने नाना के घर जाने की जिद की। पुलिस के मुताबिक, महिला को डर था कि बेटी के नाना के घर जाने पर उसके प्रेम संबंध का राज खुल जाएगा। इसी के चलते रात में महिला ने बेटी के हाथ पकड़े और उसके प्रेमी रामशंकर ने कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को कपड़ों और चप्पल सहित कुएं में फेंक दिया और गुजरात के जामनगर भाग गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।




