मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया, जब मरीज को छोड़कर लौट रही एक एम्बुलेंस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना खंडेरिया काचर और बर्डिया गांव के बीच हुई, जहां चलते वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते एम्बुलेंस आग का गोला बन गई।
बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी एम्बुलेंस धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें और उठता धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते एम्बुलेंस से कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक एम्बुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

