ग्वालियर। मां की ममता की कोई उम्र नहीं होती और जरूरत पड़ने पर वह अपनी संतान के लिए अपने जीवन का सबसे अनमोल हिस्सा भी न्योछावर कर देती है। ग्वालियर के गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय (GRMC) से संबद्ध सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मां के इसी असीम त्याग की एक भावुक मिसाल देखने को मिली है। यहां 63 वर्षीय उर्मिला गौड़ ने अपनी एक किडनी दान कर 35 वर्षीय बेटे लेखराज को नया जीवन दिया है। दोनों किडनियां खराब हो जाने के कारण लेखराज पिछले डेढ़ साल से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब साढ़े छह घंटे तक चली जटिल सर्जरी के बाद सफल किडनी प्रत्यारोपण किया। खास बात यह है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में किया गया यह दूसरा सफल किडनी ट्रांसप्लांट है।


दिल्ली एम्स में थी सात महीने की वेटिंग, बिगड़ती जा रही थी बेटे की हालत

नदी पार टाल निवासी पेशे से ड्राइवर लेखराज की डेढ़ साल पहले दोनों किडनियां खराब हो गई थीं। भाई दीपू के मुताबिक, परिवार इलाज के लिए कई बड़े अस्पतालों के चक्कर काट चुका था। दिल्ली एम्स (AIIMS) में किडनी ट्रांसप्लांट के लिए सात महीने की वेटिंग मिल रही थी, जबकि लेखराज की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। ऐसे कठिन समय में बेटे की जान बचाने के लिए मां उर्मिला गौड़ ने स्वयं अपनी किडनी दान करने का निर्णय लिया और डॉक्टरों के समक्ष इच्छा जताई।


मां और बेटे की आवश्यक मेडिकल जांच व कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 20 नवंबर को दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया। शनिवार दोपहर 12 बजे नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में सर्जरी शुरू की। शाम 6:30 बजे चिकित्सकों ने ऑपरेशन सफल होने की जानकारी दी, जिसे सुनकर परिजनों की आंखें खुशी से नम हो गईं। संक्रमण से बचाव के लिए मां और बेटे दोनों को विशेष रूप से तैयार अत्याधुनिक आईसीयू (ICU) में रखकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है।


डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने परिजनों से की मुलाकात

जीआरएमसी के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने अस्पताल पहुंचकर मां-बेटे का हाल जाना और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशलिटी सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण की सुविधा प्रारंभ होने से ग्वालियर-चंबल अंचल के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली-मुंबई जैसे बड़े शहरों में भटकने तथा लाखों रुपये खर्च करने से बड़ी राहत मिल रही है। डीन डॉ. धाकड़ ने जानकारी दी कि अस्पताल में फिलहाल करीब 20 मरीज किडनी ट्रांसप्लांट के इंतजार में पंजीकृत हैं, जिन्हें भी जल्द से जल्द यह सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।