भोपाल, जीतेन्द्र यादव।  पवित्र सावन माह के पावन उपलक्ष्य में क्षेत्रीय माताओं एवं बहनों का एक विशेष धार्मिक जत्था सीहोर स्थित प्रसिद्ध आस्था केंद्र कुबरेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। क्षेत्रीय पार्षद देवेंद्र भार्गव के नेतृत्व में आयोजित इस तीर्थयात्रा को भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


कुबरेश्वर धाम में करेंगी विशेष पूजा-अर्चना

तीर्थयात्रा पर रवाना हुईं श्रद्धालु महिलाएं सीहोर पहुंचकर कुबरेश्वर धाम में देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक और विधि-विधान से पूजन-अर्चन करेंगी। इस दौरान श्रद्धालु अपने परिवार के कल्याण, आरोग्य और क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की मंगल कामना करेंगे। सनातन संस्कृति में सावन मास को भगवान शिव की विशेष भक्ति और साधना के लिए सर्वोत्तम माना गया है।


श्रद्धालुओं में दिखा भारी उत्साह, यात्रा को दी शुभकामनाएं

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। सांसद आलोक शर्मा ने सभी तीर्थयात्रियों को यात्रा की बधाई देते हुए उनके सुखद, सुरक्षित और मंगलमय प्रवास की कामना की। इसके साथ ही सावन माह में मातृशक्ति के लिए इस प्रकार के धार्मिक व आध्यात्मिक आयोजन की व्यवस्था करने पर क्षेत्रीय पार्षद देवेंद्र भार्गव के प्रयासों की भी सराहना की गई।