छतरपुर, विनोद मिश्रा। जटाशंकर तीर्थ स्थल से छतरपुर लौट रही बाइक बिजावर के पास हादसे का शिकार हो गई। एक अज्ञात वाहन के अचानक कट मारने से बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही टैक्सी से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार 48 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं उसका पुत्र मामूली रूप से घायल हुआ है।


जानकारी के अनुसार, दुर्जी अहिरवार (48), पत्नी राजू अहिरवार, अपने पुत्र विजय अहिरवार के साथ बाइक से जटाशंकर से छतरपुर लौट रही थीं। बिजावर के पास एक अज्ञात वाहन के चालक ने अचानक बाइक के सामने कट मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रही टैक्सी से टकरा गई। दुर्घटना में दुर्जी अहिरवार को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पुत्र विजय को मामूली चोट लगी।


हादसे के बाद मां-बेटे को तत्काल बिजावर के उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दुर्जी अहिरवार को जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन और टैक्सी चालक की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।