पलेरा,सोनू । पलेरा क्षेत्र में 9 वर्षीय नाबालिग बालिका की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ने में सफलता पाई। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को नगद इनाम देने की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को फरियादी ने थाना पलेरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 9 वर्षीय पुत्री की अज्ञात आरोपियों ने पत्थर से हमला कर हत्या कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी छतरपुर रेंज विजय खत्री और पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में चार विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सघन जांच की। तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी चेतराम उर्फ चिक्का आदिवासी (27) निवासी बगारभाटा पलेरा को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही दो विधि विरुद्ध बालकों (17 वर्ष एवं 13 वर्ष) को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल मामले का जल्द खुलासा हुआ, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा भी बढ़ा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति भार्गव सहित कई पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

