छतरपुर, शिवम सोनी। जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरुआ में एक महिला के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


महिला के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को वह गेहूं लेकर घर लौट रही थी, तभी आरोपी रोहित सिंह, वीरेन्द्र सिंह और सुरेन्द्र सिंह ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उसका हाथ पकड़कर जबरन घर के अंदर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने कट्टा तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी और अश्लील हरकतें भी कीं।


पीड़िता का कहना है कि शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिनमें कौशिल्या रैदास भी शामिल थीं। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। महिला ने बताया कि जब वह शिकायत दर्ज कराने गौरिहार थाने पहुंची तो पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से इनकार कर दिया। इसके बाद हरिजन थाने में भी उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।