भोपाल। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बड़ी सफलता मिली है। हालांकि, मध्य प्रदेश से राज्यसभा के दो सांसदों को दक्षिण भारत के चुनावी मैदान में हार का सामना करना पड़ा है।
केरल में जॉर्ज कुरियन तीसरे स्थान पर
केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को केरल की कांजीरापल्ली सीट से उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन वे तीसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के रोनी के. बेबी ने 56,646 वोटों के साथ जीत दर्ज की, जबकि डॉ. एन. जयराज दूसरे स्थान पर रहे। जॉर्ज कुरियन को करीब 26,984 वोट मिले।
तमिलनाडु में एल. मुरुगन दूसरे नंबर पर
केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन तमिलनाडु की अविनाशी सीट से चुनाव लड़े, लेकिन वे दूसरे स्थान पर रहे। तमिलगा वेत्री कड़गम की उम्मीदवार कमाली एस. ने 84,209 वोटों के साथ जीत दर्ज की, जबकि मुरुगन को 68,836 वोट मिले।
दक्षिण में नहीं चला भाजपा का दांव
दोनों नेता मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। पार्टी ने दक्षिण भारत में पकड़ मजबूत करने के लिए उन्हें मैदान में उतारा था, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी।

