भोपाल। मध्य प्रदेश के धार्मिक जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। मालवा क्षेत्र के विख्यात संत स्वामी महेश चरणदास महाराज का सोमवार को देहावसान हो गया। उनके निधन से पूरे प्रदेश, खासकर मालवांचल में शोक की लहर फैल गई है। स्वामी महेश चरणदास महाराज उज्जैन जिले के बड़नगर स्थित प्रसिद्ध लोहाना कुटी धाम के संस्थापक थे। करीब 30 साल पहले स्थापित इस आश्रम में वर्ष 1994 से लगातार धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। यह धाम मालवा क्षेत्र में आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। उनके देहावसान की खबर मिलते ही आश्रम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में भक्त अपने पूज्य गुरु के अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी संत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे आध्यात्मिक जगत की अपूरणीय क्षति बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी महेश चरणदास महाराज का जीवन धर्म, सेवा, साधना और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। वहीं हेमंत खंडेलवाल ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका निधन समाज के लिए बड़ी क्षति है। स्वामी महेश चरणदास महाराज ने अपने जीवनकाल में हजारों लोगों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया और सेवा व संस्कारों की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

