नई दिल्ली, 9 मई । वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज भी देशवासियों को मातृभूमि और संस्कृति की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। भारतीय इतिहास में स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और त्याग के सर्वोच्च प्रेरणास्रोत महाराणा प्रताप ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण मातृभूमि, धर्म और संस्कृति की रक्षा तथा इनके स्वाभिमान की प्रतिष्ठा के लिए समर्पित कर दिया। विपरीत परिस्थितियों, अभावों और संघर्षों के बावजूद उन्होंने कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।"

उन्होंने आगे लिखा, "महाराणा प्रताप का अद्वितीय शौर्य और मातृभूमि के प्रति उनका समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रज्ज्वलित करता है।"

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पोस्ट में लिखा, "महान योद्धा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी अदम्य साहस, अद्भुत शौर्य और दृढ संकल्प के प्रतीक थे। आज उनके जयंती दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि वंदन।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोस्ट किया, "'वह अजर अमरता का गौरव, वह मानवता का विजय तूर्य। आदर्शों के दुर्गम पथ को, आलोकित करता हुआ सूर्य।' अदम्य शौर्य, साहस और स्वाभिमान के प्रतीक, महान योद्धा, राष्ट्र नायक, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर उनके चरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। आपकी वीरता और पराक्रम की गौरव गाथा युगों-युगों तक मातृभूमि के कण-कण को गौरवान्वित करती रहेंगी। महान नायक, महाराणा प्रताप के चरणों में बारंबार प्रणाम।"

महाराणा प्रताप की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "मातृभूमि की रक्षा के लिए महाराणा प्रताप का त्याग और संघर्ष प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का पुंज है। राष्ट्र के प्रति उनका निस्वार्थ समर्पण हमें नैतिक मूल्यों और सिद्धांतों पर अडिग रहने की शक्ति प्रदान करता रहेगा।"

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने भी 'मेवाड़ के शेर' वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर उन्हें नमन किया। भजनलाल शर्मा ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आपने मातृभूमि की रक्षा के लिए घास की रोटी खाना स्वीकार किया, लेकिन विदेशी दासता के आगे कभी सिर नहीं झुकाया। आपका त्याग और स्वाभिमान युगों-युगों तक राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देता रहेगा।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पर लिखा, "अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका संघर्ष, त्याग और अटूट संकल्प आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उनका जीवन हमें सम्मान, साहस और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने का संदेश देता है।"