मुर्शिदाबाद। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने असम में सैरांग एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर पर चिंता जताते हुए रेलवे और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने हादसों के पीछे रेलवे के रखरखाव में खामियों को जिम्मेदार बताया। चौधरी ने कहा कि देश में रेलवे की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद एक के बाद एक रेल दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। सरकार को यह पता लगाना चाहिए कि आखिर ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं और व्यवस्था में कहां कमी रह गई है।अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि असम से फिर रेल हादसे की खबर आई है और इसमें कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में कितने लोगों की मौत हुई है, इसकी स्पष्ट जानकारी उस समय उपलब्ध नहीं थी। संभव है कि बाद में रेलवे की ओर से पूरी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद इस तरह की दुर्घटनाएं क्यों हो रही हैं। इसके पीछे निश्चित रूप से कुछ खामियां हैं, जिन्हें ढूंढकर दूर करना जरूरी है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि रेलवे में हादसों के बाद लगातार कमेटियां बनाई जाती हैं। ये कमेटियां अपनी रिपोर्ट भी पेश करती हैं और सरकार को बताती हैं कि किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। इसके बावजूद रिपोर्ट में सुझाए गए उपायों को लागू करते समय जरूरी प्राथमिकता नहीं दी जाती। अगर रखरखाव पर सही तरीके से ध्यान दिया जाए, तो आम लोगों को इस तरह के हादसों से बचाया जा सकता है।

चौधरी ने रेलवे में रखरखाव से जुड़े कर्मचारियों की संख्या में कटौती का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी के कारण रेलवे के रखरखाव में कई तरह की समस्याएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने ब्रेक फेल होने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह रखरखाव की कमियों की ओर इशारा करता है।

अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार बुलेट ट्रेन जैसी परियोजनाओं पर अधिक ध्यान दे रही है, जबकि आम यात्रियों की रोजमर्रा की समस्याओं और रेलवे के रखरखाव की जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। विश्व गुरु बनने की ख्वाहिश में आम लोगों की रेल यात्रा से जुड़ी परेशानियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हर हादसे के बाद केवल नई कमेटी बनाई जाएगी और उसकी सिफारिशों पर अमल नहीं होगा, तो तब तक कई और दुर्घटनाएं हो सकती हैं। पहले गठित कमेटियां भी सरकार को जरूरी सुधारों और खर्च की प्राथमिकताओं के बारे में सतर्क कर चुकी हैं। सरकार की अनदेखी के कारण आम यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।