इंदौर, रविकांत वर्मा। हीरा नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धार जिले के टांडा क्षेत्र निवासी दिलीप भूरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जबकि गिरोह के अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, हीरा नगर थाना पुलिस नगर रक्षा समिति के सदस्यों के साथ रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन-चार संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उनका पीछा किया। पीछा करने के दौरान एक बाइक को टक्कर मारकर आरोपी दिलीप भूरिया को पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथी मौके से फरार हो गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह धार जिले के ग्राम भूतिया का निवासी है और गांव के युवकों को लालच देकर इंदौर लाकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिलवाता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक बाइक देपालपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसकी पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट बदल दी गई थी। वहीं दो अन्य बाइक हीरा नगर और परदेसी पुरा थाना क्षेत्र से चोरी कर नाले में छिपाकर रखी गई थीं।
पुलिस ने बरामद वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।




