अमरपाटन। उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने अमरपाटन में सख्त कार्रवाई करते हुए एक गैस एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जिला कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर मानसी गैस एजेंसी के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।पिछले एक महीने से उपभोक्ता घरेलू गैस सिलेंडर की समय पर डिलीवरी न होने से परेशान थे। बुकिंग के बावजूद रिफिल नहीं मिलने के कारण कई बार लोगों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
फूड इंस्पेक्टर बृजेन्द्र जड़िया ने देर रात अमरपाटन थाने पहुंचकर एजेंसी संचालक विमला वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जांच के बाद एलपीजी एक्ट 2000 के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया था, जिसके बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र की अन्य गैस एजेंसियों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



